March 24, 2026

खबरी चिरईया

नजर हर खबर पर

भारी बारिश से लखनऊ में बड़ा हादसा, दिलकुशां कॉलोनी में दीवार गिरने से झांसी के 9 लोगों की मौत, दो घायल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है,  तेज बारिश को देखते हुए योगी ने जिलों के अधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं

लखनऊ (यूपी)। गुरुवार की रात हुई भारी बारिश से लखनऊ कैंट इलाके के दिलकुशां कॉलोनी में निर्माणाधीन दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर 9 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं। इस हादसे में दो लोग घायल हैं, जिनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टर के मुताबिक दोनों घायल खतरे से बाहर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अफसरों को घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया है।

मरने वाले सभी 9 लोग झांसी जनपद के पंचवाड़ा के रहने वाले थे। इनमें 28 वर्षीय प्रदीप, 25 वर्षीय रेशमा, एक वर्षीय बच्ची नैना, एक वर्षीय बच्चा, एक दो साल का बच्चा, 25 वर्षीय चंदा, 28 वर्षीय धर्मेंद्र, 45 वर्षीय मन कुमार देव, 50 वर्षी पप्पू का नाम शामिल है। घायलों में 20 वर्षीय राघवेंद्र पुत्र करन व 18 वर्षीय गोलू पुत्र पप्पू का नाम शामिल है, ये लोग भी झांसी जनपद के पंचवाड़ा के रहने वाले हैं।

Advertisements
Panchayat Voice

हादसे में घायल एक मजदूर राघवेंद्र ने बताया कि घटना गुरुवार की रात करीब 12 बजे की है। हादसे में बेहोश हुए एक आदमी को जब फोन आया तो उसने 108 नंबर पर फोन किया फिर हम लोगों को अस्पताल लाया गया। बताया जाता है कि दिलकुशा कॉलोनी में पुरानी दीवार का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके लिए मजदूर रुके हुए थे। दीवार का वह हिस्सा गिरा, जो कि पहले मजबूती से खड़ा हुआ था। हादसे से चीख पुकार मच गई। हादसे की खबर पर मौके पर पहुंचे अफसरों ने घटना का जायजा लिया।

घटना की सूचना पर डीएम सूर्य पाल गंगवार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। डीएम ने बताया कि गुरुवार की रात से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन दीवार गिरने से यह दुर्घटना हुई। दो घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने दोनों को खतरे के बाहर बताया है। डीएम ने बताया कि हादसे में मृत लोगों के परिजनों को आपदा राहत के अंतर्गत मुख्यमंत्री की ओर से 4-4 लाख रुपए की सहायता प्रदान करने की घोषणा की गई है।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर शोक प्रकट किया

लखनऊ के सांसद व रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर घटना पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया कि लखनऊ में एक दीवार गिरने से कई लोगों की मृत्यु होने के समाचार से मुझे बहुत दु:ख हुआ है। जिन लोगों को इस हादसे में अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। इसके साथ ही मैं इस दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

अनुप्रिया पटेल ने ट्वीट कर किया दु:ख व्यक्त

अपना दल (सोनेलाल) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने ट्वीट कर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि लखनऊ के दिलकुशा में भारी बारिश की वजह से मकान गिरने से कई लोगों के हताहत की दुःखद जानकारी प्राप्त हुई है। मृतकों की आत्मा की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना करती हूं।

मुख्यमंत्री योगी ने तेज बारिश को देखते हुए जिलों के अधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर राहत कार्यों पर नजर रखें और प्रभावित लोगों को मदद प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने आपदा से हुई जनहानि से प्रभावित परिवारों को अनुमन्य राहत राशि अविलंब प्रदान किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के घरों को नुकसान पहुंचा अथवा पशु हानि हुई, ऐसे प्रभावितों को तत्काल अनुमन्य वित्तीय सहायता प्रदान की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कई जिलों में बारिश से फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने अधिकारियों को इसका सर्वेक्षण करने के भी निर्देश दिए।

आगे की खबरों के लिए आप हमारे Website पर बने रहें…

error: Content is protected !!