March 23, 2026

खबरी चिरईया

नजर हर खबर पर

उत्तर प्रदेश में फुटबॉल के लिए बनेंगे एक हजार खेल के मैदान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 825 विकासखंडों में एक-एक मिनी स्टेडियम और सभी 75 जनपदों में एक-एक स्टेडियम बनाने का काम प्रगति पर है

UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में 57 हजार ग्राम पंचायतों में एक-एक खेल का मैदान बनाया जा रहा है। इसके अलावा 825 विकासखंडों में एक-एक मिनी स्टेडियम और सभी 75 जनपदों में एक-एक स्टेडियम बनाने का काम प्रगति पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय फुटबॉल संघ की अपेक्षा के अनुसार प्रदेश में एक हजार फुटबॉल के खेल के मैदान भी विकसित किए जाएंगे।

योगी ने कहा कि हमेशा खेल जगत में उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद और हॉकी के मशहूर खिलाड़ी केडी सिंह बाबू उत्तर प्रदेश की ही माटी के सपूत थे। इस स्टेडियम का नाम भी केडी सिंह बाबू के नाम पर ही रखा गया है। यही नहीं उत्तर प्रदेश ने फुटबॉल की दुनिया में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

Advertisements
Panchayat Voice

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड, वर्ल्ड चैंपियनशिप आदि में पदक जीतने वाले 500 से अधिक खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से अलग-अलग सेवा में सरकारी नौकरी दे चुकी है। सरकार इसे आगे भी जारी रखेगी।

कहा कि पेरिस के ओलंपिक में उत्तर प्रदेश के भारतीय हॉकी टीम के दो खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसमें एक भारतीय हॉकी टीम के सदस्य हॉकी खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय को पिछले वर्ष ही यूपी पुलिस में डिप्टी एसपी के पद पर तैनाती दे चुके हैं। वहीं अब हॉकी खिलाड़ी राज कुमार पाल को भी यूपी पुलिस में डिप्टी एसपी के पद पर सीधी तैनाती देने जा रहे हैं। योगी ने उक्त बातें सोमवार को मुख्यमंत्री कप के तहत केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित मोहन बागान और ईस्ट बंगाल फुटबॉल मैच से पहले कही। वह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि थे।

आगे की खबरों के लिए आप हमारे Website पर बने रहें…

error: Content is protected !!