February 6, 2026

खबरी चिरईया

नजर हर खबर पर

जम्मू-कश्मीर : कटरा में भूस्खलन, 8 श्रद्धालुओं की मौत और 14 घायल

  • अर्धकुंवारी हादसे ने रोका वैष्णो देवी का सफर, घायल श्रद्धालुओं में कई उत्तर प्रदेश और हरियाणा से आए यात्री शामिल हैं

Khabari Chiraiya Desk: जम्मू-कश्मीर से खबर है कि कटरा स्थित अर्धकुंवारी मार्ग पर मंगलवार को इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भूस्खलन हो गया। बताया जाता है कि इस घटना में अचानक गिरी चट्टानों की चपेट में आने से आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि चौदह लोग घायल होने की बात सामने आ रही है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बचाव और राहत कार्य लगातार जारी है।

खबर के मुताबिक बताया गया कि भूस्खलन के दौरान दर्जनों श्रद्धालु यात्रा मार्ग पर मौजूद थे। घायल श्रद्धालुओं में कई उत्तर प्रदेश और हरियाणा से आए यात्री शामिल हैं। मुजफ्फरनगर निवासी संगीता (47) और उनकी बेटी उमंग (24), अमित कुमार की पत्नी डॉली (30) और उनकी पांच वर्षीय बेटी उर्वी गंभीर रूप से जख्मी हुई हैं। हरियाणा और चंडीगढ़ से आए कमलेश, सावित्री और किरण सहित अन्य श्रद्धालुओं को नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Advertisements
Panchayat Voice

यात्रा स्थगित, सेवाएं बंद

लगातार भारी बारिश और भूस्खलन के चलते श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को मंगलवार दोपहर एक बजे से स्थगित कर दिया गया। कटरा से भवन की ओर बढ़ रहे श्रद्धालुओं को रोक दिया गया और भवन में पहले से मौजूद लोगों को सुरक्षित वापस भेजा गया। सभी पंजीकरण काउंटर अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। इससे पहले ही हेलीकॉप्टर, बैटरी कार और रोपवे सेवाएं बंद की जा चुकी थीं। भैरव घाटी मार्ग पर भूस्खलन के बाद घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं भी रोक दी गईं।

मौसम और सुरक्षा का संकट

पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश ने बाणगंगा नदी को उफान पर ला दिया है। श्राइन बोर्ड और आपदा प्रबंधन दल ने श्रद्धालुओं को नदी से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है। सीआरपीएफ और पुलिस के जवान पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।

खतरे के बीच लौटाए गए हजारों यात्री

हादसे और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लगभग 7105 श्रद्धालुओं, जिन्होंने पहले से पंजीकरण कराया था, को भी सावधानीपूर्वक कटरा की ओर लौटाया गया। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के खतरों की गंभीरता को उजागर करता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि मानते हुए प्रशासन ने फिलहाल यात्रा को पूरी तरह रोक दिया है।

यह भी पढ़ें… भारत में निर्मित इलेक्ट्रिक वाहनों का निर्यात 100 से ज़्यादा देशों में किया जाएगा : पीएम

यह भी पढ़ें… बिहार : सात हजार किसान सलाहकारों का मानदेय अब दोगुना

यह भी पढ़ें… आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के घर ईडी का छापा

  आगे की खबरों के लिए आप हमारी वेबसाइट पर बने रहें…

error: Content is protected !!