February 6, 2026

खबरी चिरईया

नजर हर खबर पर

दिल्ली में एनकाउंटर, ढेर हुआ बिहार का खतरनाक गिरोह

  • मुठभेड़ में बदमाशों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग की, जवाब में पुलिस की गोलियों से चारों ढेर हो गए

Khabari Chiraiya Desk : राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में गुरुवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से सन्नाटा टूट गया। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की एक संयुक्त टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर कुख्यात गिरोह ‘सिग्मा एंड कंपनी’ के चार शातिर अपराधियों को एनकाउंटर में मार गिराया। यह मुठभेड़ बहादुर शाह मार्ग के पास हुई, जहां अपराधियों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सभी चारों बदमाश मौके पर ढेर हो गए।

मारे गए अपराधियों की पहचान रंजन पाठक (25), बिमलेश महतो (25), मनीष पाठक (33) और अमन ठाकुर (21) के रूप में हुई है। इनमें रंजन, बिमलेश और मनीष बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने वाले थे, जबकि अमन ठाकुर दिल्ली के करावल नगर का निवासी बताया जा रहा है। ये चारों बदमाश लंबे समय से बिहार और नेपाल की सीमा पर चल रहे अपराधों में वांटेड थे।

Advertisements
Panchayat Voice

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रंजन पाठक इस गिरोह का सरगना था, जो अपनी निर्दयता और दुस्साहस के लिए जाना जाता था। सीतामढ़ी में एक बहुचर्चित हत्या के बाद उसने मीडिया को खुद का बायोडाटा भेजकर सनसनी फैला दी थी। हाल ही में मिली एक ऑडियो कॉल से यह पता चला था कि यह गिरोह बिहार विधानसभा चुनाव से पहले दहशत फैलाने की साजिश रच रहा था।

दिल्ली और बिहार पुलिस कई महीनों से इस गिरोह की तलाश में थी। गुरुवार को खुफिया इनपुट मिलने के बाद संयुक्त टीम ने ऑपरेशन प्लान किया। देर रात 2:20 बजे जैसे ही पुलिस ने इलाके को घेरा, गिरोह के सदस्यों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें चारों अपराधी मारे गए।

एनकाउंटर के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रोहिणी स्थित डॉ. बीएसए अस्पताल भेजा। दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह पेशेवर तरीके से की गई और मौके से कई हथियार व कारतूस बरामद हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह ऑपरेशन न केवल ‘सिग्मा एंड कंपनी’ गिरोह का अंत है बल्कि बिहार और दिल्ली दोनों राज्यों में अपराध की दुनिया के लिए एक सख्त संदेश भी है।

यह भी पढ़ें… छठ पर्व : 5 दिनों तक हर दिन चलेंगी 300 विशेष ट्रेनें

यह भी पढ़ें… तेजस्वी का चुनावी मास्टरस्ट्रोक : जीविका दीदियों को सरकारी दर्जा और 30 हजार वेतन का वादा

यह भी पढ़ें… बिहार चुनाव: कांग्रेस और आरजेडी के बीच ‘दोस्ताना मुकाबले’ से बढ़ी बेचैनी

यह भी पढ़ें… बिहार विधानसभा चुनाव: राजद 143, कांग्रेस 61 और वामदल 30 सीटों पर मैदान में

आगे की खबरों के लिए आप हमारी वेबसाइट पर बने रहें…

error: Content is protected !!