बिहार विधानसभा चुनाव : शिवहर में प्रशांत किशोर का भव्य रोड शो, भीड़ ने दिखाया बदलाव का उत्साह
- विधानसभा चुनाव : नीरज सिंह और अर्पणा सिंह के समर्थन में प्रशांत किशोर ने मांगे वोट, पीके बोले-बिहार में इस बार बदलाव होकर रहेगा
Khabari Chiraiya Desk : बिहार में विधानसभा चुनाव की अलग-अलग धारा जोर पकड़ चुकी है। शिवहर में शनिवार को जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर का भव्य रोड शो आयोजित हुआ, जिसने पूरे शहर का माहौल चुनावी जोश से भर दिया। सड़क किनारे उमड़ी भीड़ और छतों से हाथ लहराती जनता ने यह साबित कर दिया कि शिवहर में जन सुराज की लहर गहराई तक पहुंच चुकी है। प्रशांत किशोर खुले वाहन पर खड़े होकर लोगों का अभिवादन करते रहे और नीरज सिंह व अर्पणा सिंह के लिए समर्थन मांगा।
रोड शो के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार अब बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि जन सुराज पार्टी शिक्षा व्यवस्था को सुधारने, पलायन रोकने और रोजगार सृजन की दिशा में ठोस काम करेगी। उन्होंने कहा, “जनता अब जाग चुकी है, और यह चुनाव बिहार के भविष्य का रास्ता तय करेगा। इस बार बदलाव होकर रहेगा।”


रोड शो के दौरान जन सुराज कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। पूरे रास्ते में ‘बदलाव चाहिए’, ‘पीके आगे बढ़ो’ और ‘जन सुराज जिंदाबाद’ जैसे नारे गूंजते रहे। नीरज सिंह और अर्पणा सिंह भी पूरे आत्मविश्वास के साथ लोगों के बीच मौजूद रहे, जिनका जनता ने फूल-मालाओं और जयकारों से स्वागत किया।
प्रशांत किशोर ने कहा कि उनका अभियान सिर्फ सत्ता बदलने का नहीं, बल्कि सोच और प्रणाली बदलने का है। उन्होंने कहा कि शिवहर समेत पूरा बिहार अब विकास की नई परिभाषा लिखेगा। इससे पहले भी वे राज्य के कई जिलों में रोड शो कर चुके हैं, जहां जनता की अभूतपूर्व भागीदारी ने जन सुराज के प्रति बढ़ते विश्वास का संकेत दिया है।
यह भी पढ़ें…. सतीश शाह नहीं रहे, हंसी के बादशाह ने छोड़ी गहरी यादें
यह भी पढ़ें…. नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत, प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं
यह भी पढ़ें…. बिहार : भाजपा का नया समीकरण, छह जिलों में नहीं उतारे उम्मीदवार
आगे की खबरों के लिए आप हमारी वेबसाइट पर बने रहें…
