February 6, 2026

खबरी चिरईया

नजर हर खबर पर

मुजफ्फरपुर : प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, छठी मईया का अपमान बिहार की अस्मिता का अपमान है

  • बिहार विधानसभा चुनाव : मुजफ्फरपुर की रैली में प्रधानमंत्री ने कहा कि RJD और कांग्रेस ने छठ को नौटंकी कहा है, मोदी ने पूछा-क्या बिहार की माताएं-बहनें इस अपमान को सहेंगी?…

Khabari Chiraiya Desk: बिहार विधानसभा चुनाव के परिपेक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बिहार के मुजफ्फरपुर में विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए छठ महापर्व का उल्लेख किया और विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि RJD और कांग्रेस के नेताओं ने जिस तरह से छठी मईया की पूजा को “नौटंकी” और “ड्रामा” कहा है, वह बिहार की अस्मिता का अपमान है। मोदी ने कहा कि बिहार की माताएं और बहनें निर्जला व्रत रखकर गंगा जी में खड़ी होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं। छठ बिहार की आत्मा है, आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। “क्या ऐसे लोगों को सजा नहीं मिलनी चाहिए जो इस पर्व का मजाक बनाते हैं? क्या बिहार की माताएं-बहनें इस अपमान को सहेंगी?”

उन्होंने आगे कहा, “आपका ये बेटा दुनिया भर में छठी मईया की जय-जयकार कराने में लगा है, लेकिन दूसरी तरफ कांग्रेस और RJD के लोग इस पावन परंपरा को अपमानित कर रहे हैं।” मोदी ने कहा कि NDA सरकार का लक्ष्य बिहार के गौरव को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाना है। “हम छठ महापर्व को मानवता के महापर्व के रूप में UNESCO की विश्व विरासत सूची में शामिल कराने के प्रयास में हैं। यह हर बिहारी के लिए गर्व की बात होगी।” उन्होंने कहा कि जब भारत ज्ञान और विज्ञान का केंद्र था, तब बिहार की भूमिका सबसे बड़ी थी। “विकसित भारत के लिए विकसित बिहार जरूरी है।”

Advertisements
Panchayat Voice

विपक्ष पर करारा प्रहार-कट्टा, क्रूरता और कुशासन की राजनीति

प्रधानमंत्री ने RJD और कांग्रेस पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि “इनकी पहचान पांच चीजों से है-कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन।” उन्होंने कहा कि जब RJD का शासन था, तब बिहार में जंगलराज का दौर था। “2001 में इसी मुजफ्फरपुर में गोलू अपहरण कांड हुआ था। दिन-दहाड़े एक बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई थी। उस दौर में करीब 40 हजार अपहरण हुए। RJD के शासन में कानून नहीं, अपराध का राज था।”

महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण पर जोर

मोदी ने कहा कि NDA सरकार ने गरीबों को पक्के घर दिए और रजिस्ट्री बहनों के नाम पर की। “हमने नल, गैस कनेक्शन और मुफ्त अनाज दिया ताकि बहनों की परेशानी कम हो। नीतीश जी की सरकार ने 1.30 करोड़ बहनों के खातों में 10-10 हजार रुपये दिए हैं। इससे बहनें स्वरोजगार शुरू कर रही हैं। जब फिर से NDA सरकार बनेगी तो बहनों को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।”

‘दो युवराजों’ पर व्यंग्य

मोदी ने कहा, “अब चुनावी मैदान में दो युवराज उतर आए हैं-एक भारत के सबसे भ्रष्ट परिवार का और दूसरा बिहार के सबसे भ्रष्ट परिवार का। दोनों ही हजारों करोड़ के घोटालों में जमानत पर हैं। ये दोनों नामदार हैं, इसलिए कामदार को गालियां देंगे ही। इन्हें बर्दाश्त नहीं होता कि एक गरीब घर का चाय बेचने वाला आज देश चला रहा है।”

जनता से आह्वान

अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि “बिहार के भाइयों-बहनों, मैं आपका बहुत बड़ा कर्जदार हूं। यह जनसागर बता रहा है कि बिहार में एक ही आवाज गूंज रही है-फिर एक बार NDA सरकार, फिर एक बार सुशासन सरकार!”

यह भी पढ़ें… बिहार : सिवान की खामोश रात में खाकी लहूलुहान, एएसआई की गला रेतकर हत्या

यह भी पढ़ें… बिहार के बाद अब उत्तर प्रदेश में SIR तैयारी, 04 नवम्बर से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ

आगे की खबरों के लिए आप हमारी वेबसाइट पर बने रहें…

error: Content is protected !!