राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सदन पहुंचे नितिन नबीन
- बिहार विधानसभा में गूंजा स्वागत, एनडीए नेताओं ने मेज थपथपाकर दी बधाई
Khabari Chiraiya Desk : बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान मंगलवार का दिन राजनीतिक दृष्टि से खास बन गया, जब भारतीय जनता पार्टी के नव-नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पहली बार विधानसभा पहुंचे। बांकीपुर से विधायक नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका सदन में पहला आगमन था, जिसे लेकर एनडीए खेमे में उत्साह साफ दिखाई दिया।
विधानसभा में उनके प्रवेश के साथ ही सत्ता पक्ष के सदस्यों ने मेज थपथपाकर उनका स्वागत किया। वित्त मंत्री विजय चौधरी ने सदन में औपचारिक रूप से उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि बिहार की राजनीतिक क्षमता पर देश के भरोसे का प्रतीक भी है। उन्होंने इसे बिहार के लिए गर्व का अवसर बताया।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि पहली बार इस सदन का कोई सदस्य देश की इतनी बड़ी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय भाजपा नेतृत्व के बिहार पर विश्वास को दर्शाता है और इससे राज्य की राजनीतिक पहचान और मजबूत होगी।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने भी नितिन नबीन के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि कम उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने उनके नाम के अर्थ का जिक्र करते हुए कहा कि नितिन और नबीन दोनों ही सकारात्मक और नीतिपरक नेतृत्व का संकेत देते हैं।
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने जानकारी दी थी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन सत्र की पहली पाली में भाग लेंगे। दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे नितिन नबीन का सोमवार को पार्टी कार्यालय में भव्य स्वागत हुआ था। उन्होंने पदाधिकारियों और विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकों में संगठन को मजबूत करने और जनता से नियमित संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थायी जनसंपर्क कार्यालय स्थापित करने और जनता से मिलने का निश्चित समय तय करने की सलाह दी, ताकि संगठन और सरकार के बीच सीधा संवाद कायम रहे।
नितिन नबीन का यह पहला विधानसभा आगमन केवल औपचारिकता भर नहीं रहा, बल्कि इसे बिहार की राजनीतिक भूमिका के विस्तार और नई पीढ़ी के नेतृत्व के उभार के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें… कर्नाटक : कांग्रेस में फिर तेज हुई सियासी हलचल
यह भी पढ़ें… अमेरिका की अर्थव्यवस्था पर गहराता संकट
यह भी पढ़ें… स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष का अविश्वास नोटिस
यह भी पढ़ें… अब थानों में नहीं चलेगी पैरवी, विजिटर रजिस्टर अनिवार्य
आगे की खबरों के लिए आप हमारी वेबसाइट पर बने रहें...
