March 24, 2026

खबरी चिरईया

नजर हर खबर पर

अयोध्या में शनिवार से उत्सव, सीएम योगी करेंगे श्रीगणेश

अयोध्या में उत्सव  : “रामलला का महाभिषेक कर मुख्यमंत्री योगी मंदिर परिसर स्थित अंगद टीला से पहली बार जनसभा को करेंगे संबोधित, बड़ी संख्या में पहुंचेंगे साधु संत, ट्रस्ट व जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने को झोंकी ताकत, 11 से 13 जनवरी तक होना है आयोजन, गीत संगीत व कला जगत की हस्तियां देंगी प्रस्तुति”

Khabari Chiraiya Desk : अयोध्या के भव्य मंदिर में विराजमान रामलला की पहली वर्षगांठ पर शनिवार से तीन दिवसीय उत्सव शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामलला का महाभिषेक कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद परिसर स्थित अंगद टीले से पहली बार साधु-संतों व समारोह में शामिल होने वालों को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री के भी पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री तकरीबन पांच घंटे तक अयोध्या में ही रहेंगे।

भव्य और दिव्य मंदिर में रामलला 22 जनवरी 2024 को विराजमान हुए थे। उस वर्ष के मुहूर्त के अनुसार इस बार प्रतिष्ठा द्वादशी उत्सव 11 जनवरी को मनाई जानी है। इसे लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 11 से 13 जनवरी तक तीन दिवसीय उत्सव मनाने की घोषणा की है। पहले दिन से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो जाएगी। इसमें गीत-संगीत, कला व साहित्य जगत की तमाम नामी गिरामी हस्तियां अपनी प्रस्तुति देंगी। ट्रस्ट की तरफ से मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया गया था। वह सुबह 10 बजे के करीब अयोध्या पहुंच जाएंगे।

Advertisements
Panchayat Voice

कार्यक्रम का होगा लाइव प्रसारण

प्रथम वर्षगांठ के कार्यक्रम को देखते हुए तीन दिन तक सभी तरह के पास को बंद कर दिया है। ताकि अधिक लोग आएं और अधिक से अधिक लोग रामलला का दर्शन कर सकें। दूरदर्शन पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

द्वारों पर पर दिखेगी भव्य सजावट

राम मंदिर की प्रथम वर्षगांठ को लेकर मंदिर परिसर को 50 क्विंटल से भी अधिक के फूलों से संजाया जा रहा है। इसके अलावा 11 नम्बर के वीआईपी गेट को भव्य तरीके से सजाया गया है। अन्य द्वारों पर भी फूलों से सजावट की गई है। वहीं नगर निगम ने कार्यक्रम व महाकुंभ को देखते हुए पेड़ों पर भी झालर लाइट लगाने का निर्देश दिया है।

सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम, रूट डायवर्जन रहेगा लागू

शनिवार से शुरू हो रहे कार्यक्रम को लेकर पुलिस व प्रशासन ने सुरक्षा-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम कर रखे हैं। मुख्यमंत्री समेत अन्य मंत्रियों के अलावा कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए रूट डायवर्जन भी किया जाएगा। एसएसपी राजकरण नय्यर ने बताया कि बड़ी संख्या में पुलिस बल को लगाया गया है। महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। प्रवेश द्वारों पर नाके लगा चेकिंग की जाएगी।

यह भी पढ़ें… Indian Railways नये यमुना ब्रिज के निर्माण कार्य के मद्देनजर परिवर्तित मार्ग से चलेंगी कुछ ट्रेनें, जानें अपनी ट्रेन

यह भी पढ़ें… घने कोहरे ने रोकी उड़ानें और ट्रेनें, 150 से अधिक उड़ानें प्रभावित

यह भी पढ़ें… दिल्ली विधानसभा चुनाव @ अधिसूचना जारी, सियासी रण का बिगुल बजा 

आगे की खबरों के लिए आप हमारी वेबसाइट पर बने रहें…

error: Content is protected !!