February 7, 2026

खबरी चिरईया

नजर हर खबर पर

यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, लापरवाही ने ली छह जानें

Yamuna Expressway
  • बस रोकने के गलत फैसले ने यात्रियों को मौत के मुंह में धकेल दिया।। मुख्यमंत्री ने घटना पर संज्ञान लेते हुए राहत और जांच के निर्देश दिए

Khabari Chiraiya Desk : मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। दिल्ली से कानपुर जा रही एक निजी बस के यात्रियों को उस समय अपनी जान गंवानी पड़ी, जब वे बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे। तेज रफ्तार से पीछे से आए कंटेनर ने बस को टक्कर मार दी और सड़क पर मौजूद यात्रियों को कुचल दिया।

घटना सुबह करीब पौने तीन बजे सुरीर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 88 के पास हुई। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही बस में सवार कुछ यात्रियों ने रास्ते में बस रोकने का अनुरोध किया। चालक ने निर्धारित ग्रीन जोन की बजाय मुख्य मार्ग पर ही बस रोक दी। यात्री नीचे उतरकर सड़क किनारे खड़े थे, तभी पीछे से आ रहा कंटेनर अनियंत्रित होकर बस से टकराया और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

Advertisements
Panchayat Voice

हादसा इतना भयावह था कि छह यात्रियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों में औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी असलम और दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष की पहचान हो चुकी है। दो अन्य मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। हादसे में औरैया के बेला निवासी अमर दुबे घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार घटना के समय कोहरा नहीं था, जिससे दृश्यता में कोई विशेष बाधा नहीं थी। प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही सामने आ रही है, क्योंकि एक्सप्रेसवे जैसे हाई-स्पीड मार्ग पर वाहन को निर्धारित स्थान के अतिरिक्त कहीं भी रोकना नियमों के विरुद्ध है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, लेकिन पुलिस और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आवागमन सुचारू कराया।

इस हृदयविदारक घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश भी दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें… 7 फरवरी का राशिफल: जानिए, शनिवार को आपके सितारे क्या संकेत दे रहे हैं

यह भी पढ़ें… वृंदावन: जीवन क्षणभंगुर है समय रहते संभलने का संदेश

यह भी पढ़ें… होली और ईद पर घर लौटना हुआ आसान, 102 विशेष बसों से प्रवासियों को राहत

आगे की खबरों के लिए आप हमारी वेबसाइट पर बने रहें...

error: Content is protected !!