June 29, 2026

खबरी चिरईया

नजर हर खबर पर

थारू टोला से ‘प्रगति यात्रा’ का आगाज, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिए विकास की नई दिशा के संकेत

'प्रगति यात्रा'

'प्रगति यात्रा'

Advertisements
Panchayat Voice
Advertisements
Panchayat Voice
  • थरुहट क्षेत्र को मिलेगी अब बेहतर कनेक्टिविटी और निर्बाध बिजली

बिहार : पश्चिम चंपारण के थारू टोला घोटवा में सोमवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां से अपनी ‘प्रगति यात्रा’ का आगाज किया। दोन नहर के किनारे बसे इस गांव ने वर्षों तक अंधकार, कटाव और कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन आज यहां विकास की नई सुबह देखी गई। 172.19 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 41 योजनाओं ने इस इलाके को विकास के मानचित्र पर एक चमकदार बिंदु बना दिया। ग्रामीणों ने रंगोली, पुष्प वर्षा और गर्मजोशी से मुख्यमंत्री का स्वागत कर अपने उत्साह और उम्मीदों का प्रदर्शन किया।

पुल, सड़क और बिजली ने दिया नई जिंदगी का भरोसा

Advertisements
Panchayat Voice

मुख्यमंत्री ने मनरेगा के तहत बने छिलका, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, अपशिष्ट प्रबंधन इकाई, मुख्यमंत्री ग्रामीण स्ट्रीट लाइट योजना, नली-गली योजना और नल-जल योजना जैसी बुनियादी विकास परियोजनाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पहले बारिश के दिनों में जलस्तर बढ़ने से गांव का संपर्क बाहरी दुनिया से कट जाता था। अब छिलका के निर्माण और अन्य योजनाओं से आवागमन सुचारू हो गया है।

ऑन ग्रिड बिजलीकरण से थरुहट क्षेत्र को नई ऊर्जा

थारू टोला समेत थरुहट क्षेत्र के 25 गांवों के लिए मुख्यमंत्री ने 139.04 करोड़ रुपये की लागत से ऑन ग्रिड विद्युतीकरण परियोजना का शिलान्यास किया। इससे 11,798 घरों में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। पहले इन इलाकों में ऑफ ग्रिड बिजली व्यवस्था के कारण बिजली की उपलब्धता सीमित समय के लिए थी।

स्थानीय उत्पादों को मिला मुख्यमंत्री का प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने थारू समुदाय और जीविका दीदियों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों के स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने इन उत्पादों को आत्मनिर्भरता और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए प्रेरक बताया। ओपेन जिम प्रांगण में मुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

गांव की तस्वीर बदलने वाला दिन

थारू टोला दोन नहर के किनारे और वाल्मीकिनगर जंगल के पास स्थित है। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि यहां पहले सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव था। अब हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, जिला परिषद द्वारा निर्मित पार्क और नाली-गली जैसी योजनाओं से क्षेत्र का कायाकल्प हो रहा है।

पटना हवाई अड्डा पर विशिष्ट कक्ष का उद्घाटन

प्रगति यात्रा पर निकलने से पहले मुख्यमंत्री ने पटना हवाई अड्डा पर नवनिर्मित विशिष्ट अतिथि कक्ष का उद्घाटन किया। हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद सुशील कुमार कुशवाहा, विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

थारू टोला घोटवा से शुरू हुई यह यात्रा न केवल एक क्षेत्रीय पहल है, बल्कि बिहार के हर कोने तक विकास की किरण पहुंचाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

यह भी पढ़ें.. 

आगे की खबरों के लिए आप हमारी वेबसाइट पर बने रहें…

error: Content is protected !!