नित्यानंद और चिराग की मुलाकात से सीट बंटवारे पर सुलह की उम्मीद
- दोनों नेताओं की मुस्कुराहट ने संकेत दे दिया कि बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है
Khabari Chiraiya Desk : बिहार चुनावी राजनीति में एनडीए के अंदर चली आ रही सीट बंटवारे की तनातनी अब कम होती दिख रही है। गुरुवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की मुलाकात ने गठबंधन में नई जान फूंक दी। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक चली बातचीत के बाद सियासी गलियारों में यह संदेश गया कि अब विवाद सुलझने के आसार बन गए हैं।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में नित्यानंद राय ने मुस्कुराते हुए कहा-“हम दोनों के चेहरे की मुस्कुराहट देखकर सब समझ जाइए, सबकुछ सकारात्मक है।” वहीं चिराग पासवान ने भी स्वीकार किया कि बातचीत रचनात्मक रही है, हालांकि सीटों की संख्या पर सवालों को उन्होंने टाल दिया।

बीते कई हफ्तों से एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर गतिरोध बना हुआ था। भाजपा की ओर से चिराग को 25 सीटों का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे मंजूर नहीं किया। जदयू ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) से तालमेल की जिम्मेदारी भाजपा की ही होगी।
इसी बीच, उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने भाजपा को अपनी 24 सीटों की सूची सौंप दी है, जबकि जीतनराम मांझी के नेतृत्व वाली हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा 15 सीटों की मांग पर अड़ी हुई है। जदयू का रुख साफ है-वह 105 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, और बाकी 138 सीटों का बंटवारा भाजपा अपने सहयोगियों में कर सकती है।
राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि नित्यानंद और चिराग की यह बैठक एनडीए में “बर्फ पिघलने” का संकेत है। चिराग पासवान का रुख नरम पड़ना इस बात की ओर इशारा करता है कि वे किसी समझौते के लिए तैयार हो सकते हैं। भाजपा अब अपने सहयोगियों को साथ रखकर ही बिहार चुनावी समीकरण तय करने की कोशिश में है।
अब सबकी निगाहें भाजपा मुख्यालय पर हैं, जहां अगली बैठक में सीटों की अंतिम सूची को लेकर निर्णायक फैसला लिया जा सकता है। अगर यह समझौता होता है तो बिहार में एनडीए की चुनावी रणनीति को स्थायित्व मिल जाएगा और विपक्षी महागठबंधन के लिए चुनौती और बढ़ जाएगी।
यह भी पढ़ें…रक्षा क्षेत्र में भारत–ब्रिटेन के बीच 350 मिलियन पाउंड का ऐतिहासिक समझौता
यह भी पढ़ें… आज का राशिफल: 10 अक्टूबर को किन राशियों को मिलेगा शुभ संकेत
यह भी पढ़ें… बिहार विधानसभा चुनाव : आचार संहिता के पालन की निगरानी के लिए 24 घंटे चालू शिकायत प्रणाली शुरू
यह भी पढ़ें… देवरिया की बेटी नेहा गुप्ता ने 65 किलो भार वर्ग मुकाबले में जीता गोल्ड
यह भी पढ़ें… धरती की ऊपरी परत में सोने का खजाना, दस लाख टन अब भी छिपा है
आगे की खबरों के लिए आप हमारी वेबसाइट पर बने रहें.
