June 7, 2026

खबरी चिरईया

नजर हर खबर पर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया ‘उत्कर्ष ओडिशा–मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव 2025’ का उद्घाटन

पीएम मोदी

पीएम मोदी

Advertisements
Panchayat Voice

ओडिशा अवसरों की भूमि है, जहां हर क्षेत्र में उत्कृष्टता की झलक है-पीएम मोदी

ओडिशा : भुवनेश्वर में आयोजित ‘मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव 2025’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा को भारत के विकास में नई ऊंचाई देने वाला राज्य बताया। उन्होंने इसे औद्योगिक विकास, सांस्कृतिक धरोहर और हरित भविष्य की नई धुरी के रूप में प्रस्तुत किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्वी भारत देश का विकास इंजन है और ओडिशा इसमें प्रमुख भूमिका निभा रहा है। उन्होंने ओडिशा के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए ‘बाली यात्रा’ और दक्षिण-पूर्व एशिया से उसके प्राचीन संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने इसे एक ऐसा राज्य बताया, जो आज अपने गौरवशाली अतीत को नई पहचान दे रहा है।

Advertisements
Panchayat Voice

प्रधानमंत्री ने ओडिशा की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य खाद्य प्रसंस्करण, पेट्रोकेमिकल्स, मत्स्यपालन, टेक्सटाइल्स, हरित ऊर्जा और खनन जैसे क्षेत्रों में अग्रणी बन रहा है। उन्होंने बताया कि ओडिशा के संसाधनों से जुड़े उद्योग अब राज्य में ही स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे रोजगार और विकास को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा हरित ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने बताया कि सौर, पवन, जलविद्युत और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में ओडिशा के लिए विशेष योजनाएं बनाई जा रही हैं। इसके साथ ही रेलवे, हाईवे और बंदरगाहों को औद्योगिक क्लस्टर्स से जोड़ने के लिए हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने ओडिशा की सांस्कृतिक धरोहर, 500 किमी लंबी समुद्री तटरेखा और 33% वन क्षेत्र का उल्लेख करते हुए इसे पर्यटन के लिए अद्वितीय बताया। उन्होंने राज्य में ईको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म की अपार संभावनाओं को रेखांकित किया और कहा कि यह ‘Wed in India’ और ‘Heal in India’ अभियानों के लिए आदर्श स्थान है।

प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से आह्वान किया कि वे एमएसएमई और स्टार्टअप्स को बढ़ावा दें और शोध व नवाचार में साझेदारी करें। उन्होंने कहा कि ओडिशा में एक आधुनिक और समृद्ध इकोसिस्टम बनाया जा रहा है, जो युवाओं के लिए रोजगार और विकास के नए अवसर खोलेगा।

ओडिशा भारत के विकास की प्रेरणा है 

प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि ओडिशा भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता और सरकार ने मिलकर विकास का जो संकल्प लिया है, वह देश को नई ऊंचाई पर ले जाएगा।

बता दें कि ‘उत्कर्ष ओडिशा– मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव 2025’ राज्य सरकार का प्रमुख निवेश शिखर सम्मेलन है। यह आयोजन 28-29 जनवरी तक चलेगा, जिसमें उद्योग जगत के दिग्गज, निवेशक और नीति निर्माता शामिल होंगे। इस दौरान बी2बी मीटिंग्स, नीति चर्चा और सेक्टोरल सत्र आयोजित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें…  बिहार: शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार, भविष्य के सपनों पर लगते दाग

यह भी पढ़ें…  दिल्ली चुनावी मैदान में कौन सबसे अमीर, कौन सबसे किफायती?

यह भी पढ़ें…  कश्मीर से रेल के जरिए सीधे जुड़ेगा दिल्ली

आगे की खबरों के लिए आप हमारी वेबसाइट पर बने रहें…

error: Content is protected !!